महोबा। जनपद सृजन दिवस पर बुधवार से सात दिन तक चलने वाले सूर्य महोत्सव का भव्य आगाज हो गया। इस महोत्सव में सूर्य मंदिर रहेलिया में सूर्य की पहली किरण पड़ते ही भव्य आरती की गई। हवन-पूजन के साथ शुरू हुए गायक कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यहां पर लगे टेलीस्कोप के जरिए लोगों ने चांद व सूर्य को करीब से देखा और विभिन्न ग्रहों में अपने वजन को मापने का अनोखा अनुभव पाया। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। सात दिनों तक शहर के मोदी ग्राउंड में सजे भव्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
सूर्य महोत्सव का शुभारंभ बुधवार की सुबह करीब पांच बजे रहेलिया सागर तट स्थित सूर्य मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान सूर्य की आरती के साथ हुआ। 11 फरवरी 1995 को महोबा को जिला घोषित किया था। इसी उपलक्ष्य में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास में सूर्य महोत्सव की शुरुआत की गई है। सूर्य के सात रंगों की अवधारणा पर आधारित इस कार्यक्रम का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से जिले के प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर व सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने किया। कार्यक्रम को लेकर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह उत्सव बुंदेलखंड की समृद्ध विरासत और वीरता का प्रतीक है। इस आयोजन का उद्देश्य महोबा के प्राचीन रहेलिया सूर्य मंदिर की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्ता को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाना है। उद्घाटन अवसर पर डीएम गजल भारद्वाज ने कहा कि जिले में इंटरप्रिटेशन सेंटर और म्यूजियम भी बन रहा है। इसके जरिए सूर्य की विभिन्न विधाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा और लोग इसके बारे में भी लोग जान पाएंगे। इस मौके पर जिपं अध्यक्ष जेपी अनुरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, सीडीओ बलराम कुमार, एसपी प्रबल प्रताप सिंह, एडीएम कुंवर पंकज, एसडीएम सदर शिवध्यान पांडे, बीएसए राहुल मिश्रा, समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी समेत समस्त अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
तारामंडल प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण
महोबा। महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण पहली बार आयोजित तारामंडल प्रदर्शनी है। यहां पर पहुंचे लोगों ने तीन टेलीस्कोप के जरिए सबसे पहले चांद को देखा और जब सूर्योदय हो गया तो टेलीस्कोप से सूर्य को करीब से भी देखा। यहां पर विभिन्न ग्रहों में अपना वजन मापने के लिए लगाई गईं मशीनों में जाकर लोगों ने वजन पता किया। अंतरिक्ष दर्शन नाम की इस प्रदर्शनी में 14 फरवरी तक सुबह नौ बजे से 12 बजे से स्कूली बच्चों को दूरबीन से ग्रह-दर्शन, वर्चुअल रियलिटी (वीआर) अनुभव तथा विशेष सोलर फिल्टर के माध्यम से सूर्य दर्शन कराए जाएंगे। तारामंडल प्रदर्शनी में स्कूली बच्चों को निशुल्क प्रवेश दिया जा रहा है। यहां पर स्कूली बच्चों के लिए सूर्य घड़ी बनाने की वर्कशॉप भी रखी गई है। बच्चे सूर्यघड़ी बनाना सीखेंगे। दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक आम लोग 250 रुपये का टिकिट लेकर इस प्रदर्शनी का लाभ उठा सकते हैं।
किफायती दरों में मिलेंगी पुस्तकें
महोबा। मोदी ग्राउंड में पहली बार पुस्तक मेला का आयोजन भी किया गया है। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने बुधवार को इसका शुभारंभ किया। इसमें किफायती दरों पर अलग-अलग विषयों की पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं। कीरत सागर क्षेत्र में अध्ययन करने वाले प्रतियोगी परीक्षार्थियों और स्थानीय विद्यार्थियों के लिए यह मेला आयोजित किया गया है। पुस्तक मेले में देश की प्रतिष्ठित प्रकाशन की ओर से अपनी पुस्तकों के स्टाॅल लगाए गए हैं।
फोटोग्राफी व रील निर्माण की अनोखी प्रतियोगिताएं से क्रिएटर्स में भारी जोश
महोबा। इस आयोजन में फोटोग्राफी व रील निर्माण प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं। 16 फरवरी तक आयोजित की जाने वाली इन प्रतियोगिताओं को लेकर सोशल मीडिया क्रिएटर्स के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। युवा खूब रील बना रहे हैं। वहीं टैगलाइन व जिंगल निर्माण प्रतियोगिताओं की प्रविष्टियां 12 फरवरी तक आमंत्रित की गई हैं। उत्तर प्रदेश पर्यटन की ओर से बुधवार को पारंपरिक चितेरी कला कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। बृहस्पतिवार को भी यह कार्यशाला चलेगी।
ये होंगे विशेष आयोजन
महोबा। इस सूर्य महोत्सव के अंतर्गत 14 फरवरी को गोरखगिरि पर्वत पर पर्यटन विभाग का अधिवेशन आयोजित होगा। इसमें पर्यटन एवं इतिहास पर चर्चा, पर्यटन नीति-2022 की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही मोदी ग्राउंड में वीर रस कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। 15 फरवरी को पतंग महोत्सव और 16 फरवरी को इसरो के सहयोग से 40 इसरो स्पेस लैब का उद्घाटन किया जाएगा। इसमें इसरो के वैज्ञानिक हिस्सा लेंगे। 17 फरवरी को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ महोत्सव का समापन होगा।
फोटो 11 एमएएचपी 17 परिचय-सूर्य मंदिर में भोर की आरती के साथ सूर्य महोत्सव का आगाज करते भक्त। सं
फोटो 11 एमएएचपी 17 परिचय-सूर्य मंदिर में भोर की आरती के साथ सूर्य महोत्सव का आगाज करते भक्त। सं
फोटो 11 एमएएचपी 17 परिचय-सूर्य मंदिर में भोर की आरती के साथ सूर्य महोत्सव का आगाज करते भक्त। सं
फोटो 11 एमएएचपी 17 परिचय-सूर्य मंदिर में भोर की आरती के साथ सूर्य महोत्सव का आगाज करते भक्त। सं