महोबा। लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूली वाहन में टक्कर मारने के मामले में डंपर चालक के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। उधर दुर्घटना में घायल हुए चालक व 17 बच्चों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि बुधवार की सुबह साईं इंटर कॉलेज की स्कूली वैन बच्चों को स्कूल ले जा रही थी। तभी पसवारा-रतौली मार्ग पर डंपर ने टक्कर मार दी थी। जिससे चालक और 17 बच्चे घायल हुए थे। गंभीर हालत में चालक गोविंद, छात्र लोकेंद्र और व्योम को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया था। जहां उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। कॉलेज में वाहनों के मेंटीनेंस का कार्य देखने वाले लूपचंद्र ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ तेजी और लापरवाही से डंपर चलाते हुए स्कूली वाहन में टक्कर का मारने का आरोप लगाया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।