खन्ना (महोबा)। कानपुर-सागर हाईवे पर गल्ला मंडी चिचारा के पास सड़क पर अचानक आए मवेशी से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार किसान की मौके पर मौत हो गई जबकि साथी घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेलमेट न लगाने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और एक की जान चली गई।
थाना खन्ना के सिरसीखुर्द गांव निवासी गोरेलाल अहिरवार (50) के खाते में किसान सम्मान निधि की किस्त नहीं आ रही थी। इसकी जानकारी के लिए गोरेलाल बुधवार को अपने साथी बरदानी (34) के साथ बाइक से विकास भवन महोबा आया था। देर रात दोनों घर लौट रहे थे। जब बाइक हाईवे पर गल्ला मंडी चिचारा के पास पहुंची तभी सड़क पर अचानक आए मवेशी से बाइक टकरा गई। रफ्तार तेज होने से दोनों बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे ओर गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने गोरेलाल को मृत घोषित कर दिया जबकि बरदानी का उपचार चल रहा है। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे से मृतक की पत्नी ललिता, पुत्री व चार पुत्र रो-रोकर बेहाल हैं।