चैनल के माध्यम से कराया जाएगा अध्ययन कार्य
महोबा। कोरोना संक्रमण के चलते वर्चुअल स्कूल व ई-ज्ञान गंगा के माध्यम से शिक्षण का कार्य किया जाएगा। इसको लेकर सभी प्रधानाचार्यों को गूगल मीट के माध्यम से विभागीय आदेशों से अवगत कराया गया है। दूरदर्शन उत्तर प्रदेश डीडी यूपी व स्वयं प्रभा चैनल के माध्यम से कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को अध्ययन कार्य कराया जाएगा।
जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी ने शैक्षणिक सत्र 2020-21 के संचालन को लेकर बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते सभी प्रधानाचार्य व शिक्षक भी दूरदर्शन उत्तर प्रदेश डीडी यूपी व स्वयं प्रभा चैनल देखेंगे। वे सभी छात्र-छात्राओं से फीडबैक भी लेते रहेंगे। उन्होंने बताया कि पठन-पाठन से संबंधित समस्या पर छात्र-छात्रा विद्यालय में लगे ड्राप बाक्स में एक लिफाफे में अपना नाम कक्षा, विषय व समस्या लिखकर उसमें डालेंगे।
इसके बाद शिक्षक उसकी समस्या का समाधान करेंगे। सप्ताह के अंत में छात्र-छात्राओं के गृह कार्य, प्रोजेक्ट कार्य व प्रयोगात्मक कार्यों का मूल्यांकन होगा। बताया कि सभी प्रधानाचार्यों को यूपी बोर्ड की कक्षा 9 से12 तक का शैक्षिक प्रसारण की समय सारणी को उपलब्ध करा दिया गया है। संवाद