महोबा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से संबद्ध जनपद के महाविद्यालयों में स्नातक व स्नातकोत्तर द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं अभी तक शुरू नहीं हुई हैं। विवि की ओर से अभी तक परीक्षा कार्यक्रम भी जारी नहीं किया गया। इससे छात्र-छात्राएं परेशान हैं।
जनपद के 23 निजी और चार राजकीय महाविद्यालय बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से संबद्ध हैं। स्नातक व स्नातकोत्तर की चौथे और छठवें सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 अप्रैल से शुरू की जा चुकी हैं जबकि स्नातक व स्नातकोत्तर द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं अभी तक शुरू नहीं हुईं। विश्वविद्यालय की ओर से द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा के आवेदन की तिथि 26 अप्रैल निर्धारित की गई थी। इसके बाद इसे बढ़ाकर 28 अप्रैल कर दिया गया था। बाद में 30 अप्रैल तक आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई।
विश्वविद्यालय की ओर से अभी तक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा का कार्यक्रम जारी नहीं किया गया। शहर के वीरभूमि कॉलेज में करीब एक हजार छात्र-छात्राएं द्वितीय सेमेस्टर में अध्ययनरत हैं जबकि जिले में संचालित सभी महाविद्यालयों में द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों की संख्या करीब सात हजार है। उधर, वीरभूमि काॅलेज के प्रो. प्रदीप कुमार का कहना है कि विवि की ओर से अभी तक द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। जल्द ही परीक्षा कार्यक्रम जारी होने की उम्मीद है।