महोबा। सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्राओं ने जत्थों में निकलकर विभागीय क्रियाकलापों और विभिन्न विभागों में कैसे कामकाज होता है, इसकी जानकारी करने के लिए कार्यालयों में पहुंचकर सवाल-जवाब किए।
बालिका विद्या मंदिर की शिक्षिका मनोरमा राजपूत के नेतृत्व में कोमल, नंदिनी, लक्ष्मी, खुशी पाठक, महक, नेहा व नम्रता पाठक समेत आठ छात्राओं ने सरकारी कार्यालयों के कामकाज का तरीका जानने के बाद समाचार पत्रों के कार्यालयों में जाकर अखबार छपने से लेकर खबर बनाने तक के तरीके जाने। साथ ही अखबारों की सराहना भी की। छात्राएं बोली इलैक्ट्रानिक मीडिया, पोर्टल, सोशल मीडिया के आने के बाद भी प्रिंट मीडिया का खूब क्रेज है। छात्राओं का दल महिला थाने भी जा धमका। यहां पर छात्राओं ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करने से लेकर हर प्रकार की कार्रवाई की जानकारी ली। महिला थानाध्यक्ष रचना राजपूत ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। छात्राओं ने वृद्धाश्रम पहुंचकर उनका भी हालचाल जाना।