महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं में दबंगों ने भाई-बहन समेत पांच लोगों को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा चरखारी के मोहल्ला हटवारा निवासी गोपाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रात दस बजे वह अपने बेटे धर्मेंद्र से बात कर रहा था। तभी पड़ोस के कालीचरन का बेटा धर्मेंद्र कुमार आकर बोला कि शोर मत करो नहीं तो जान से मार देंगे। रोकने पर युवक ने उसे, उसके बेटे व पत्नी को घर से बाहर घसीटकर मारपीट की। इससे पैर में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक अन्य घटना में थाना अजनर के बम्हौलिया गांव निवासी शोभा यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 18 सितंबर की सुबह नौ बजे वह खेत पर थी जबकि उसकी बेटी काजल अपने चाचा थान सिंह के घर पर थी। तभी गांव के रास्ते में जितेंद्र बाइक से दूध लेकर निकला तो बेटी को देखकर गाली गलौज करने लगा। शोर सुनकर उसका बेटा राघवेंद्र पहुंचा तो जितेंद्र उससे झगड़ा करने लगा। इस दौरान कोमल, उसका भाई सुम्मेरा व शिवप्रसाद लाठी-डंडे लेकर आ गए और उसके बच्चों की मारपीट कर दी। इसके बाद एक अन्य आरोपी बृजेंद्र ने उसके घर में घुसकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।