कुलपहाड़ (महोबा)। नगर पंचायत कुलपहाड़ ने कस्बावासियों को स्ट्रीट लाइट की सौगात दी है। नगर पंचायत की ओर से कस्बे से गुजरे झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे के डिवाइडर पर स्थापित 65 पोलों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई है। इससे हाईवे जगमगा उठा है।
नगर पंचायत कुलपहाड़ की ओर से बस्ती से निकले झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग की डिवाइडर पर 65 पोलों की स्ट्रीट लाइट लगाई गई। जिसमें दोनों और लाइटिंग व पोलों में तिरंगा लाइट लगाई गई है। साथ ही वैभवशाली कुलपहाड़ लिखे ग्लोसाइन बोर्ड भी लगाए गए। जिसका उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष वैभव अरजरिया, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. कमलेश सक्सेना, एसडीएम डाॅ. प्रदीप कुमार व सीओ रविकांत गोंड ने संयुक्त रूप से किया। सुगिरा निकास से लेकर लाड़पुर निकास तक हाईवे की सड़क रोशनी से जगमगा उठी। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि मेट्रो शहरों की तर्ज पर यहां लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। इससे रात के समय सड़क पर चलने वाले लोगों व वाहन चालकों को सुविधा होगी। इस मौके पर मनोज चौबे, रविंद्र उपाध्याय, सूरज यादव, अवधेश सोनी, फहीम खान, इरफान, ईओ प्रवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।