महोबा। शहर में नाला और सड़क पटरी पर ठेला व खोखा रखकर दुकान चलाने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी करने के नोटिस दिया गया।
इससे नाराज दुकानदार लामंबद होकर पालिका पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। कहा कि दुकानें हटाने से पहले उन्हें दूसरी जगह स्थापित कराया जाए।
शहर में रोडवेज बस अड्डा परिसर के बाहर, जिला अस्पताल के बाहर, चूड़ी वाली गली आदि स्थानों पर छोटे दुकानदार अपने हाथ ठेले व खोखे रखकर दुकान चलाते हैं। पिछले दिनों पालिका प्रशासन की ओर से इन दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए थे।
नोटिस में कहा गया है कि नाला व पटरी के ऊपर अवैध रूप से अतिक्रमण किए जाने से यातायात प्रभावित हो रहा है। अतिक्रमण हटाने के लिए पालिका की ओर से मुनादी कराकर दुकानदारों को चेतावनी भी दी गई। एक अगस्त को जारी किए गए नोटिस में पालिका प्रशासन ने तीन दिन के अंदर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी है। अन्यथा पालिका की ओर से यह अतिक्रमण हटाया जाएगा।
इससे पटरी दुकानदार राजेश, मालती, रामपाल, रामकली, रानी, मुन्नी, मदन, विनोद, राजकुमार, प्रदीप, सादिक, मुन्ना, रिंकू चौरसिया आदि ने पालिका कार्यालय पहुंच प्रदर्शन किया। उन्होंने पालिका प्रशासन से दुकानें हटाने के नाम पर किराया लेने या फिर उन्हें दूसरे स्थान पर जगह मुहैया कराने की मांग की।