विजेता टीम के कप्तान को ट्रॉफी देते कमेटी के सदस्य।
- फोटो : MAHOBA
चरखारी (महोबा)। सालट गांव के संकट मोचन मंदिर प्रांगण में चल रहे सात दिवसीय मेले में अंतर प्रांतीय कबड्डी प्रतियोगिता हुई। इसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश व हरियाणा की टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबले में हरियाणा ने मुजफ्फरनगर को 20-18 के अंतराल से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ ग्राम विकास अधिकारी हिमांशु अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय लिया। लीग मुकाबलों में आगरा, मथुरा, ग्वालियर, दिल्ली, भिंड, मुरैना, चित्रकूट, बांदा, झांसी, हरियाणा और मुजफ्फरनगर की टीमों के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। फाइनल मुकाबले में हरियाणा व मुजफ्फरनगर के बीच कड़ी टक्कर हुई। दोनों टीमों ने शुरुआती दौर में 10-10 अर्जित किए। दूसरे हाफ में हरियाणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो अंकों की बढ़त बनाई। अंतिम समय में हरियाणा की टीम ने एक के बाद एक अंक हासिल कर 20-18 के अंतर से मुजफ्फरनगर को हरा दिया।
मुख्य अतिथि दिनेश कुमार राजपूत, सुखदेव और विक्रम सिंह ने विजेता टीम को ट्रॉफी व 11 हजार और उपविजेता को ट्रॉफी व 7,100 रुपये की नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया। निर्णायक की भूमिका दिनेश पांचाल व विक्रम राजपूत ने निभाई। इस मौके पर आयोजक सुनील कुमार रिछारिया, महेंद्र राजपूत, नरेंद्र कुशवाहा, जागेश्वर, हेमंत पाल मौजूद रहे।