जिला स्पोर्स्ट्स स्टेडियम में हॉकी में गेंद पाने के लिए जूझते खिलाड़ी।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। माध्यमिक विद्यालयों की खेलकूद प्रतियोगिताओं का आगाज हो गया है। शनिवार को जिलास्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की जूनियर और सीनियर टीमों ने हिस्सा लिया। 15 व 17 वर्ष के खिलाड़ियों के बीच हुई हॉकी प्रतियोगिता में संत जेम्स चरखारी की जूनियर व सीनियर टीमें विजेता रहीं। दोनों टीमें 16 अगस्त को मंडलस्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
सुबह 10 बजे से आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में लीग मुकाबले खेले गए। जूनियर वर्ग में डीएवी महोबा और संत जेम्स चरखारी की टीमें फाइनल में भिड़ीं। दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अंतिम समय में संत जेम्स की टीम ने एक गोल दागकर बढ़त बनाई। महोबा की डीएवी टीम खेल समाप्त होने तक एक भी गोल नहीं कर सकी। चरखारी की संत जेम्स टीम विजेता चुनी गई। सीनियर वर्ग में डीएवी व संत जेम्स चरखारी के बीच फाइनल खेला गया। संत जेम्स चरखारी ने डीएवी को 1-0 से हराकर मुकाबला जीता। जिला क्रीड़ा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा नंदराम यादव ने बताया कि 16 अगस्त को जिला स्टेडियम में मंडलीय हॉकी प्रतियोगिता होगी। इसके बाद मिर्जापुर में प्रदेश स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में विजेता टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका संत जेम्स चरखारी के व्यायाम शिक्षक मुख्तार अहमद खां, नेहरू इंटर कॉलेज के निशांत सिंह व डीएवी के रवि प्रकाश ने निभाई।