खरेला (महोबा)। बाबू रामेश्वर सिंह महाविद्यालय खरेला प्रांगण में सोमवार को अंतर्जनपदीय 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 52 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। फाइनल राउंड में जनपद हमीरपुर के विकास ने बाजी मारी। विजेता प्रतिभागियों को शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया।
बाबू रामेश्वर सिंह महाविद्यालय प्रांगण में आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में महोबा व हमीरपुर जिले के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दस राउंड में प्रतियोगिता कराई गई। फाइनल राउंड में पहुंचे दस प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया। हमीरपुर के विकास ने पांच मिनट तीन सेकेंड में 1600 मीटर दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया जबकि चरखारी के यतेंद्र राजपूत ने पांच मिनट आठ सेकेंड में दौड़ पूरी कर दूसरा स्थान हासिल किया जबकि खरेला के शिवम सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
समापन के मौके पर पूर्व मंत्री बादशाह सिंह ने विजेता प्रतिभागियों को शील्ड देकर पुरस्कृत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसेे आयोजनों से प्रतिभाओं में निखार आता है। कार्यक्रम में नरेंद्र पाठक, सोनू सिंह, राजेंद्र सिंह, आयोजक रवींद्र सिंह, श्याम सिंह, देवेंद्र विश्वकर्मा, अंकित सिंह आदि मौजूद रहे।