चरखारी (महोबा)। राजकीय महाविद्यालय चरखारी का 38वां वार्षिकोत्सव व प्रतिभा अलंकरण समारोह सोमवार को संपन्न हुआ। जिसमें कालेज स्तर पर आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। मेडल व प्रशस्ति पत्र पाकर छात्र छात्राओं के चेहरे खिल उठे।
कालेज सभागार में आयोजित प्रतिभा अलंकरण समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि ने कहा कि खेलकूद का जीवन में अधिक महत्व है। पढ़ाई के साथ खेलकूद से शारीरिक व मानसिक विकास होता है।
समारोह में इस वर्ष की चैंपियन रही पूजा वर्मा, भावना नायक, कीर्ति तिवारी समेत 146 छात्र छात्राओं को शील्ड, मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अगले वर्ष और अधिक मेहनत कर बच्चों को खेल शिक्षा व सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय पिपराही बांदा विनोद कुमार, डॉ. संतोष पांडे, वंशगोपाल, अजय यादव, कालेज के प्राचार्य चंद्रकुमार चौरसिया, समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, हीरालाल, रुचि जायसवाल, डॉ. रितु चतुर्वेदी, डॉ. सुमन सिंह आदि प्रवक्ता व छात्र छात्राएं मौजूद रहे।