महोबा। छात्र-छात्राओं का तनाव दूर करने के लिए अब माध्यमिक विद्यालयों में हर सप्ताह मानसिक स्वास्थ्य परामर्श शिविर लगाए जाएंगे। इनमें चिकित्सक विद्यार्थियों से बातचीत कर तनाव दूर करने के टिप्स देंगे ताकि उन्हें पढ़ाई के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी और तनाव न हो।
हाल के वर्षों में देखा जा रहा है कि पढ़ाई की वजह से छात्र-छात्राओं में तनाव की स्थिति रहती है। ऐसे में वह भरपूर सो नहीं पाते हैं। इससे उनकी मानसिक हालत बिगड़ जाती है। स्वास्थ्य विभाग की मदद से छात्र-छात्राओं से तनाव का कारण जानने व उसे दूर करने के लिए सभी राजकीय और वित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों में मानसिक स्वास्थ्य परामर्श शिविर लगाए जाएंगे। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने निर्देश जारी किए हैं।
इसके तहत सप्ताह में एक दिन विद्यालयों में मानसिक विशेषज्ञ व अन्य स्वास्थ्यकर्मी पहुंचकर विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे और पढ़ाई के बारे में जानकारी लेंगे। इसके बाद उन्हें तनाव से दूर रहने के टिप्स देंगे। शिविरों से विद्यार्थियों की काउंसलिंग की जाएगी। साथ ही जिला अस्पताल में संचालित मन कक्ष में पहुंचकर भी छात्र-छात्राएं उपचार ले सकते हैं।