महोबा। चरखारी-महोबा मार्ग पर बुधवार की देर रात करहराकलां गांव के पास तेज रफ्तार बाइक ब्रेकर में उछलने से महिला की गिरकर मौत हो गई। घटना से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। हालांकि परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव घर ले गए। वहीं अन्य सड़क हादसों में नाै लोग घायल हो गए।
कोतवाली चरखारी के रिवई गांव निवासी रामवती कुशवाहा (35) सात वर्षीय बेटे के साथ दिल्ली से रात को ट्रेन से रेलवे स्टेशन पहुंची थी। उसने पति उमेश को फोन कर घर ले जाने के लिए बुलाया था। पति बाइक से पत्नी व बेटे को लेकर घर जा रहा था। करहराकलां गांव के पास बाइक ब्रेकर में उछल गई जिससे रामवती गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। पति अचेत अवस्था में उसे जिला अस्पताल ले गया जहां डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
वहीं शहर के मोहल्ला इमलीबरा निवासी संजू (26) रात को बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में अन्ना मवेशी का बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर फिसलने से वह घायल हो गया। इसी तरह रायनपुर के दिलीप, भंडरा के संजू, अलीपुरा के मुरलीधर, गांधीनगर की प्रियंका, टिकरी के रितिक, नारूपुरा के रामकुंवर, ग्योड़ी के बालेंद्र और मझलवारा के मूलचंद्र अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।