फोटो 28 एमएएचपी 20 परिचय-आग लगने से धू-धूकर जलता कच्चा मकान। संवाद
कबरई (महोबा)। थाना कबरई के बीला दक्षिण गांव में कूड़े के ढेर से उठी चिंगारी ने चार मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवाओं की वजह से आग तेजी से फैल गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक नकदी, जेवर, घरेलू सामान और अनाज सहित लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया।
बीला दक्षिण गांव में लखन लाल वर्मा और अन्य पीड़ितों के घर के पास कूड़े में किसी ने आग लगा दी। थोड़ी ही देर में आग फैलकर लखनलाल के कच्चे मकान में पहुंच गई। मकानों से धुआं और लपटें उठते ही परिजन बाहर निकले और ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान श्यामकली, अशोक और रवि वर्मा के मकान भी आग की चपेट में आ गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने दो घंटे के प्रयास के बाद आग बुझाई।
पीड़ित लखनलाल ने बताया कि आग से उनके घर में कूलर, पंखा, टीवी, 50 हजार रुपये कीमत का अनाज, कपड़े और करीब 40 हजार रुपये नगद तथा लगभग एक लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर जलकर नष्ट हो गए। श्यामकली ने एक बाइक, 30 हजार रुपये का खाद्यान्न और 50 हजार रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलने की बात कही। वहीं अशोक वर्मा ने लगभग 50 हजार रुपये का अनाज, 50 हजार रुपये का सामान और 60 हजार रुपये के जेवर व रवि वर्मा ने घर में रखा खाद्यान्न और घरेलू सामान समेत करीब एक लाख रुपये के नुकसान की बात कही। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि आग लगने की सूचना राजस्व विभाग को भेज दी गई है। जांच पूरी होने के बाद प्रभावित परिवारों को सरकारी मदद प्रदान की जाएगी।
फोटो 28 एमएएचपी 20 परिचय-आग लगने से धू-धूकर जलता कच्चा मकान। संवाद