महोबा। भीषण गर्मी के बीच शनिवार की दोपहर शहर के परमानंद चौराहा से निकली हाईटेंशन लाइन में स्पार्किंग होने से आग लग गई। हाईटेंशन लाइन धू-धू कर जलने लगी। तब बिजली निगम को सूचना देकर आपूर्ति बंद कर कराई गई। इसके बाद कर्मचारियों ने लाइन को सही किया। दो घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
शहर के परमानंद चौराहा पर बिजली के पोल के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन में दोपहर करीब तीन बजे अचानक स्पार्किंग शुरू हो गई और चिंगरियां निकलने लगी। इसके बाद हाईटेंशन लाइन धू-धू कर जलने लगी। इसी सूचना बिजली निगम को दी गई। पावर हाउस से इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इस दौरान करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से लोग पसीना-पसीना होते रहे।
बिजली निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बिजली के पोल में चढ़कर हाईटेंशन लाइन को कड़ी मशक्कत के बाद सही किया। तब कहीं जाकर दो घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। एसडीओ राकेश कुमार ने बताया कि हाईटेंशन लाइन की केबल को सही कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।