फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोलर लालटेन के इंतजार में दिनभर भूखी, प्यासी रहीं छात्राएं

Tue, 28 Jun 2016 11:50 PM IST
अमर उजाला महोबा
विज्ञापन
कालेज में सोलर लालटेन के इंतजार में खड़ी छात्राएं। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शहर के वीर भूमि राजकीय महाविद्यालय में कालेज प्रशासन की लापरवाही से सैकड़ों छात्राओं व महिलाओं का पूरा दिन भूखे पेट रहना पड़ा। यूपी नेडा विभाग दोपहर दो बजे तक सोलर लालटेन वितरण कार्यक्रम के आयोजन की व्यवस्था नहीं कर सका। जिससे इस उमस भरी गर्मी में छात्राएं व उनके अभिभावक परेशान रहे।
विज्ञापन


यूपी नेडा विभाग की ओर से राजकीय महाविद्यालय में सोलर लालटेन वितरण के लिए चयनित किया गया था। जिसके तहत 721 छात्राओं व जैतपुर ब्लाक की 225 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सोलर लालटेन का वितरण किया जाना था। वितरण कार्यक्रम मंगलवार सुबह 10 बजे से था। शहर के अलावा 30-40 किमी दूर गांवों से भी छात्राएं सोलर लालटेन पाने के लिए सुबह आठ बजे ही आ गई थी, लेकिन कार्यक्रम के आयोजन के लिए कालेज प्रशासन ने कोई व्यवस्था नहीं की। दोपहर दो बजे तक छात्राएं कालेज परिसर में भटकती रहीं, मगर उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई।

दोपहर तक मुख्य अतिथि के न पहुंचने पर यूपी नेडा विभाग के एमओ संजीव कुमार, पीओ राम सिरोमणि व जेई डीपी सिंह ने प्राचार्य की मौजूदगी में कुछ छात्राओं को सोलर लालटेन देकर कार्यक्रम की औपचारिकता पूरी कर दी। छात्रा रीना, दीप्ति, माया, अर्पणा आदि ने बताया कि वह बिना भोजन किए ही कालेज पहुंच गई थी। दोपहर तक सोलर लालटेन का वितरण न होने से वह पूरे दिन भूखे रहीं। कालेज प्रशासन ने पानी तक की व्यवस्था नहीं की थी।
विज्ञापन


लोग सोलर लालटेन वितरण कार्यक्रम को लेकर कितने सजग थे। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार्यक्रम 10 बजे होना था और लोग दोपहर दो बजे तक मुख्य अतिथि ही नहीं तय कर पाए। जिला पंचायत अध्यक्ष सहित कई जन प्रतिनिधियों को फोन कर कार्यक्रम में आने का न्यौता दिया, लेकिन सभी ने तत्काल समय न होने की बात कह फोन काट दिया।

यूपी नेडा विभाग की ओर से सोलर लालटेन वितरित की जानी थी। कार्यक्रम में किसको बुलाना है इसकी उन्हें जानकारी नहीं दी गई। आयोजन को लेकर सभी व्यवस्थाएं की गई थी। दोपहर बाद सभी छात्राओं को सोलर लालटेन का वितरण किया गया है। _डा. उमाशंकर त्रिपाठी, प्राचार्य, वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय महोबा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें