महोबा। गले में डाले गए सांप के डंसने से युवक की हालत बिगड़ गई। जिले की सीमा से सटे मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के ज्योरहा गांव में रविवार सुबह एक सपेरा सांप लेकर पहुंचा और सांप दिखाकर अनाज व पैसे मांगने लगा। तभी गांव का रामहेत साहू (42) पहुंचा और सपेरे भूरानाथ से सांप को उसके गले में डालने की इच्छा जताई। भूरानाथ ने कोबरा सांप उठाकर रामहेत के गले में जैसे ही डाला तो उसने युवक के हाथ में डस लिया। कुछ देर बाद वह गिर गया। यह देख परिजन सपेरे को पकड़ लिया और रामहेत को लेकर जिला अस्पताल महोबा पहुंचे। यहां डॉक्टर ने रामहेत को एंटी वेनम इंजेक्शन देकर इलाज शुरू किया। इससे उसकी हालत खतरे से बाहर हो गई। सपेरे ने बताया कि रामहेत ने खुद ही सांप को गले में डालने की बात कही थी जिस पर उसने गले में सांप डाला था।