महोबा। निजी कंपनी में जमा की गई धनराशि की अवधि पूरी होने के बाद भी रकम वापस न किए जाने से परेशान जमाकर्ताओं ने सोमवार को तहसील में नारेबाजी की।
आरोप लगाया कि कंपनी के अधिकारी रकम वापस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने निजी कंपनी में जमा धनराशि वापस दिलाए जाने की मांग की। कस्बा कुलपहाड़ निवासी नवाज शरीफ, राहुल, भुवनेंद्र द्विवेदी, जीतेंद्र, आराधना, सोनू, पुष्पादेवी, नीरज, गया प्रसाद, सैफ राईन, जुबेर मंसूरी, अशोक, ज्योतिष सेन, रमजान मोहम्मद, अलका आदि ने आक्रोश जताया।
उन्होंने बताया कि उन्होंने निजी कंपनी में एफडी और आरडी करके पूंजी जमा की थी ताकि उन्हें जरूरत पर इकट्ठी रकम मिल सके। जमाकर्ताओं का करीब डेढ़ करोड़ रुपये कंपनी में जमा है, लेकिन कंपनी के अधिकारी रकम वापस करने में आनाकानी कर रहे हैं।
सोमवार को जब वह महोबा स्थित रीजनल कार्यालय पहुंचे तो ऑफिस बंद मिला। बाद में आक्रोशित जमाकर्ता तहसील पहुंचे और एडीएम नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम व एसडीएम जितेंद्र कुमार को पूरा मामला बताते हुए धनराशि वापस दिलाए जाने की मांग की। अधिकारियों ने जांच कराकर समाधान का भरोसा दिया।