कुलपहाड़ (महोबा)। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कस्बे की कांशीराम कॉलोनी में 15 दिन से बिजली आपूर्ति ठप रहने और शाम होते ही अंधेरा छाने की समस्या का मुद्दा छाया रहा। कॉलोनीवासियों ने समाधान दिवस में पहुंच कर समस्या के निराकरण की गुहार लगाई।
एडीएम न्यायिक सुखवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराने के लिए पहुंचे कांशीराम कालोनी निवासी अभिलाषा, ठाकुरदास, राहुल खरे, नूर नबी, पवन, मदीना, मनीष, महेन्द्र सोनी, सपना आदि ने कहा कि साहब 15 दिन से कालोनी में लाइट नहीं आ रही, न ही रोड लाइट जल रही। पूरी कालोनी में अंधेरा छाया रहता है। बच्चे पढ़ाई नहीं पा रहे। उन्होंने पेयजल की उचित व्यवस्था, पार्कों की सफाई व बिजली आपूर्ति चालू कराने की मांग की है। एडीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में आईं 93 शिकायतों में से तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। सबसे ज्यादा शिकायतें पुलिस व राजस्व विभाग से संबंधित आईं।
बार संघ अध्यक्ष लक्ष्मन यादव, अभिषेक यादव, निशांत सिंह, हसमत, संदीप सिंह आदि ने शिकायत देते हुए कहा कि तहसील के सामने सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर को हटाकर अन्य जगह स्थापित किया जाए। हसला गांव के कामता प्रसाद मंदिर में चोरी की सूचना थाने में देने के बाद भी कोई कार्रवाई न किए जाने की शिकायत की। टोरियापुरा निवासी महेंद्र पाठक ने मकान से निकली नाली का पानी कुछ लोगों की ओर से बंद किए जाने की शिकायत की। बागौल निवासी प्रताप राजपूत के खेत पर जबरन फसल की बोआई करने की शिकायत की। इस मौके पर एसपी प्रबल प्रताप सिंह, सीएमओ डॉ. आशाराम, एसडीएम डॉ. प्रदीप कुमार, तहसीलदार प्रमित सचान, नायब तहसीलदार पंकज गौतम, अभिषेक मिश्रा आदि मौजूद रहे।