महोबा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चल रहे मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य (एसआईआर) ने अब जोर पकड़ लिया है। रविवार तक जनपद में 65 फीसदी गणना प्रपत्रों की ऑनलाइन फीडिंग हुई। हालांकि, आयोग की ओर से गणना प्रपत्र जमा करने की तिथि बढ़ाकर 11 दिसंबर तक कर दी गई है। ऐसे में गणना प्रपत्र वितरण व जमा करने का डोर-टू-डोर काम कर रहे बीएलओ ने राहत की सांस ली है। पर्याप्त समय और मिल जाने से एसआईआर का काम बेहतर तरीके से हो सकेगा।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में चार दिसंबर से एसआईआर का काम शुरू किया गया। इसकी अंतिम तिथि चार दिसंबर निर्धारित की गई थी। इस दौरान जनपद में लगाए गए बूथ लेबल ऑफिसर ने घर-घर पहुंच कर मतदाता सूची के हिसाब से गणना प्रपत्रों का वितरण किया। साथ ही लोगों को समय से प्रपत्र भरकर जमा किए जाने के निर्देश दिए। ताकि, प्रपत्रों की ऑनलाइन फीडिंग की जा सके। रविवार को अवकाश का दिन होने के चलते परिषदीय विद्यालय और सभी बूथ खुले रहे। इस दौरान पूरे दिन गणना प्रपत्र जमा करने व फीड करने का काम चलता रहा।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रेमचंद शहर के पानमंडी में भाग संख्या-91 में पहुंचे। देर शाम तक यहां डीआईओएस एसआईआर का काम कराते रहे। साथ ही भाग संख्या-87 रामनगर के हनुमान गढ़ी मंदिर परिसर में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी करने के लिए मतदाता पहुंचे। एसआईआर का काम तेजी के साथ होने से जनपद महोबा में अब तक 65 फीसदी प्रपत्रों की फीडिंग का काम पूरा हो गया है। उधर, एडीएम कुंवर पंकज ने बताया कि आयोग के निर्देश पर एसआईआर के गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 11 दिसंबर कर दी गई है। उन्होंने मतदाताओं से अपने गणना प्रपत्र जल्द से जल्द बीएलओ के पास जमा करने की बात कही है।