रमजानुल मुबारक के मौके पर भी लोगाें को बिजली नहीं मिल पा रही है। प्रमुख सचिव द्वारा सहरी और इफ्तार के समय बिजली कटौती न किए जाने के आदेश के बाद विभाग आदेश को ठेंगा दिखा रहा है। जिससे रोजेदारों को अंधेरे में सहरी और इफ्तार करना पड़ रहा है। बिजली न आने से इफ्तार के बाद रोजेदारों को गर्मी में नमाज अदा करनी पड़ रही है।
मालूम हो कि प्रमुख सचिव आलोक रंजन ने मुकद्दस माह रमजान के मौके पर बिजली आपूर्ति सहरी और इफ्तार के वक्त दिए जाने के बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए थे। जिससे रमजान माह में लोगों को बिजली अच्छी मिलने की उम्मीद जागी थी, लेकिन पहली सहरी रोजेदारों की अंधेरे में गुजरी। वहीं पहला इफ्तार भी लोगों को बिना बिजली के पंखों की हवा के बीच करना पड़ा।
बिजली न आने से रोजा रखने के लिए रात में दो बजे सहरी के लिए उठे लोगों को लालटेन और चिराग का सहारा लेना पड़ा। अंधेरे में लोग इधर से उधर भटकते रहे। वहीं सहरी का वक्त भी कम होने से लोगों ने विशेष खान-पान भी नहीं बनाया। गौरतलब है कि चार दिन पहले मुख्य सचिव ने रमजान माह में सहरी और इफ्तार के वक्त बिजली आपूर्ति करने के आदेश दिए थे, जिसे बिजली विभाग के अधिकारियों ने दरकिनार कर दिया।