खरेला (महोबा)। ब्लॉक चरखारी की ग्राम पंचायत पुन्नियां में आयोजित मेले के अंतिम दिन रविवार को 1,600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में चरखारी के श्रवण कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को नकद धनराशि, शील्ड व मेडल देकर सम्मानित किया गया।
1,600 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता में आठ प्रतिभागी शामिल हुए। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सर्विस लाइन पर हुई प्रतियोगिता में चरखारी के श्रवण कुमार पहले, महोबा के राजकुमार दूसरे और चरखारी के शिवम प्रजापति तीसरे व शिवम कुशवाहा चौथे स्थान पर रहे। मुख्य अतिथि पूर्व प्रधान लालदास वर्मा, बब्बू राजपूत, त्रिभुवन सिंह भदौरिया और पूर्व प्रधान धर्मपाल अहिरवार ने स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को मेडल व धनराशि देकर पुरस्कृत किया।
इस मौके पर प्रशांत वर्मा, नवल किशोर, हल्के विश्वकर्मा, रामबाबू गुरुदेव आदि मौजूद रहे।