महाआरती में बोलते संगठन के पदाधिकारी
- फोटो : MAHOBA
महोबा। भगवती मानव कल्याण संगठन व पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्घाश्रम के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को महाआरती का आयोजन किया गया। शंख ध्वनि के बीच मां जगत जननी की आरती हुई। महाआरती में भक्तों ने नशा व मांसाहार मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।
एक गेस्ट हाउस में आयोजित महाआरती में शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ी। जिला उपाध्यक्ष रामबाबू श्रीवास ने कहा कि संगठन का उद्देश्य हर घर में मां की साधना का है। भगवती मानव कल्याण संगठन समाज में व्याप्त नशा व मांसाहार को दूर करने के लिए प्रयासरत है।
टीम प्रमुख रेखा कुशवाहा ने कहा कि सभी बहनें अपने बच्चों को संस्कारवान बनाएं। कार्यकर्ता अरुण रावत ने कहा कि जब तक हम अपने विचारों को नहीं बदलेंगे समाज में परिवर्तन नहीं होगा। अखिलेश कुमार शिवहरे, मुन्नालाल धुरिया, योगेंद्र अवस्थी, पप्पू, मोनू सिंह, रमाकांत व कुसुम श्रीवास मौजूद रहे।