सर्द हवाओं और कड़ाके की ठंड के चलते जन जीवन अस्त व्यस्त होकर रह गया। सर्द हवाओं के चलते लोग सारा दिन घरों में दुबके रहे। दोपहर बाद सूर्य देव के दर्शन हुए। बर्फीली हवाओं से पूरा जिला ठिठुर गया। ठंड बढ़ने से गरीबों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
एक सप्ताह से निकल रही तेज धूप के बाद सोमवार को अचानक आसमान में कोहरा छा जाने और बर्फीली हवाएं चलने से सर्दी पूरे सबाब पर पहुंच गई। बस स्टेशन और रेलवे स्टेशनों पर लोग ठंड से ठिठुरते रहे। सोमवार को सारा दिन बर्फीली हवाओं के चलने से लोगों का बुरा हाल रहा। शाम पांच बजे से ही ठंड बढ़ जाने से बाजार और चौराहाें पर सन्नाटा छा गया।
कंबल के लिए तहसील पहुंचीं महिलाएं बैरंग लौटीं
गरीबों और असहायों को भीषण ठंड से बचाने के लिए प्रशासन कंबल बटवा रहा है। लेकिन दर्जनों ऐसे गरीब हैं जिन्हें इसका लाभ नहीं मिला। सोमवार को कंबल मिलने की आस में दो दर्जन से अधिक गरीब महिलाएं तहसील पहुंची और घंटे इंतजार के बाद बैरंग वापस लौट आई। जिससे उनके चेहरों पर मायूसी नजर आई। कंबल लेने आई रेखा, आशा, अनीता, विमला, रानी, राजश्री, कालूराम, मोतीलाल आदि ने बताया कि उन्हें तहसील से कंबल बांटे जाने की जानकारी मिली थी। लेकिन घंटों इंतजार के बाद उन्हें कंबल नहीं मिले। वहीं भारतीय गौ संरक्षण संर्वधन परिषद प्रदेश अध्यक्ष यशपाल सिंह परिहार ने जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह को ज्ञापन सौंप गरीबों को कंबल वितरित कराए जाने की मांग की है। आरोप लगाया कि मनमाने तरीके से कंबलों का वितरण किया जा रहा है। जिससे पात्र लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।