फोटो 26 एमएएचपी 17 परिचय-घटनास्थल पर परिजनों से जानकारी लेती पुलिस। संवाद
- फोटो : पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद पुलिसकर्मी।
श्रीनगर (महोबा)। कस्बा श्रीनगर के मोहल्ला भैरवगंज में मंगलवार दोपहर बकरी चराने गए एक चरवाहे का शव कुएं में मिला। मृतक के पैर और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट होने की बात कह रही है।
मोहल्ला भैरवगंज निवासी रामप्रसाद प्रजापति (60) रोज की तरह मंगलवार सुबह भी ग्रामीणों की बकरियां चराने खेतों की ओर गया था। दोपहर के समय जब कुछ ग्रामीण वहां पहुंचे तो बकरियां तो मिल गईं लेकिन रामप्रसाद गायब था। पास ही स्थित कुएं में झांकने पर उनका शव पानी में उतराता दिखाई दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। जांच के दौरान रामप्रसाद के एक पैर पर धारदार हथियार से कटे का निशान और चेहरे पर चोट के निशान मिले जिससे परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई।
मृतक की पत्नी लूली ने बताया कि सुबह वह बकरियां लेकर खेतों की ओर गए थे। वह स्वयं किसी कार्यक्रम में गई हुई थीं तभी उन्हें पति की मौत की सूचना मिली। परिजनों का कहना है कि गांव में किसी से कोई रंजिश नहीं थी, फिर भी हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
थानाध्यक्ष जयचंद्र सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौके से मृतक का मोबाइल भी बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
फोटो 26 एमएएचपी 17 परिचय-घटनास्थल पर परिजनों से जानकारी लेती पुलिस। संवाद- फोटो : पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद पुलिसकर्मी।