श्रीनगर (महोबा)। ब्लॉक कबरई के पवा स्थित हनुमान मंदिर में चल रहे मारूति नंदन महायज्ञ व 18 पुराण के समापन पर रविवार को सर्वजातीय सामूहिक कन्या विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें सात जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। आयोजन समिति की ओर से नवदंपती जोड़ों को दान-दहेज के साथ उपहार भेंट किए गए।
सामूहिक विवाह सम्मेलन में सुबह से ही वर व वधू पक्ष के लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। अलग-अलग मंडपों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वैवाहिक रस्में कराईं गईं। इसके बाद वर-वधू ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाकर अपना हमसफर चुना। सम्मेलन में मलकपुरा की उमा का धवारी के अनिल कुमार, पवा की जशोदा का नौगांव के रोहित, सलैया की प्रतिमा का पवा के पुष्पेंद्र, कस्बाथाई की उपासना का कैरोखर झांसी के नंदकिशोर, श्रीनगर की शोभा का छतरपुर के कमलकिशोर, पवा की वर्षा का सरसई के ओमप्रकाश और बरा की स्वेता का मवई के योगेंद्र के साथ विवाह संपन्न कराया गया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष बृजभूषण राजपूत, उपाध्यक्ष बलवान सिंह, ग्राम प्रधान हरीओम सिंह राजपूत, संदीप राजपूत, रज्जन अवस्थी, ईश्वर राजपूत, सुरेश तिवारी, हरिसिंह राजपूत आदि ने नवदंपती जोड़ों को आर्शीवाद देते हुए सुखमय जीवन की कामना की।