फोटो 13 एमएएचपी 08 परिचय-अधिवक्ता सीमा पटनाहा सिंह। स्रोत: स्वयं
महोबा। जिले के बिलबई गांव निवासी सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता सीमा पटनाहा सिंह को भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) की आंतरिक शिकायत समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
सीमा पटनाहा सिंह सुप्रीम कोर्ट में 12 वर्ष से अधिक समय से प्रैक्टिस कर रही हैं और बार कौंसिल ऑफ इंडिया की अनुशासन समिति की सदस्य भी हैं। वह भारत सरकार व मध्यप्रदेश सरकार की आधिकारिक अधिवक्ता के पद पर पिछले पांच साल से अधिक समय से कार्यरत हैं। भारतीय तीरंदाजी संघ की ओर से यौन उत्पीड़न की शिकायतों के निवारण के लिए आंतरिक समिति का पुनर्गठन किया गया है। जो अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी मामलों पर विचार करेगी। समिति में अध्यक्ष सीमा पटनाहा के अलावा द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता झारखंड की पूर्णिमा महतो, ओलंपियन तीरंदाज नागालैंड चेख्रोवोलू स्वुरो, पूर्व तीरंज व कोच मणिपुर गुनीचा देवी व पश्चिम बंगाल की रूमाह रॉय, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह की आर. माइमुना को सदस्य बनाया गया है। साथ ही संघ के उपाध्यक्ष अमरिंदर सिंह बजाज को संयोजक बनाया गया है। यह समिति यौन उत्पीड़न के मामलों की निष्पक्ष सुनवाई करेगी। सभी मामलों की गंभीरता से त्वरित जांच के साथ जरूरी सलाह दी जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया को गोपनीय रखा जाएगा। उनके ससुर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व डीन प्रो. मदनमोहन राजपूत ने कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गौरवमयी पल है।