फोटो 24 एमएएचपी 14 परिचय-हड़ताल के चलते बी-पैक्स समिति अजनर में लटका ताला। संवाद
अजनर (महोबा)। वेतन विसंगति दूर करने और वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर साधन सहकारी समितियों के सचिवों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। इस हड़ताल के कारण सहकारी समितियों में ताले लटक गए हैं। क्षेत्र में खाद वितरण व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। रबी सीजन की तैयारियों के बीच खाद न मिलने से किसानों की परेशानी काफी बढ़ गई है।
बी-पैक्स समिति अजनर में 550 बोरी खाद का स्टॉक उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। टोकन लेकर समिति पहुंचने वाले किसानों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। किसान रामदयाल, प्रमोद, देवीदीन और हरीराम ने बताया कि पहले खाद की कमी थी, अब पर्याप्त स्टॉक होने पर भी हड़ताल से दिक्कत हो रही है। किसानों ने प्रशासन से खाद वितरण की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है ताकि फसलों की बोआई प्रभावित न हो।
ई-पॉस मशीन बनी बाधा
प्रभारी एआर कोऑपरेटिव पीएन अनुरागी ने बताया कि समितियों के सचिव हड़ताल पर हैं। खाद वितरण के लिए उपयोग होने वाली ई-पॉस मशीन सचिव की आईडी से ही संचालित होती है। सचिवों की अनुपस्थिति में मशीन का संचालन और खाद वितरण संभव नहीं है। यह तकनीकी बाधा खाद वितरण में मुख्य समस्या बनी हुई है।
तीन दिन से लगा रहे चक्कर
अजनर निवासी किसान बृजगोपाल सिंह का कहना है कि वह तीन दिन से समिति के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन खाद नहीं मिल रही है। आज गए तो समिति बंद थी। खाद के अभाव में फसल की बोआई प्रभावित होगी, इससे परेशान हैं।
मगरिया निवासी किसान बद्रीप्रसाद दीक्षित कहते हैं कि उनकी लिमिट 10-12 बोरी की है। उनके पास करीब 45 बीघा जमीन है लेकिन उन्हें सिर्फ तीन बोरी खाद देकर टरका दिया गया है। पर्याप्त खाद न मिलने से कृषि कार्य प्रभावित है। अब समितियां बंद हैं।