महोबा। माध्यमिक स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षक अपनी और बच्चों की ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में उतर आए हैं। बुधवार को डीआईओएस कार्यालय परिसर में शिक्षकों ने धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित 31 सूत्री मांगों का ज्ञापन डीआईओएस प्रेमचंद्र यादव को सौंपा। जिसमें पुरानी पेंशन बहाली, समान कार्य समान वेतन व्यवस्था लागू करने की मांग की।
धरने में उत्तर प्रदेशीय माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार द्विवेदी ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से प्रतिदिन शिक्षकों और छात्रों की पोर्टल के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने का आदेश वापस है, इसे वापस लिया जाए। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना लागू करने, राजकीय शिक्षकों की तरह एडेड कॉलेजों के शिक्षकों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा देने, तदर्थ शिक्षकों की सेवाएं बहाल करने, स्थानांतरण नीति में बदलाव के साथ ही स्थानांतरण सूची जारी करने, 8वें वेतन आयोग का गठन करने, कोरोना काल में रोके गए महंगाई भत्ते के अवशेषों का भुगतान, सामूहिक बीमा योजना दोबारा शुरु करने व स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षक तैनात करने आदि की मांग की। धरना-प्रदर्शन में जिलामंत्री ब्रजेंद्र कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, पूर्व प्रधानाचार्य शिवकुमार गोस्वामी आदि मौजूद रहे।