महोबा। मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह ने डीएम सत्येंद्र कुमार के साथ विकास खंड कबरई के ग्राम पंचायत बिलरही और ढिकवाहा में ग्राम पंचायत सचिवालय व खेत तालाब योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों गांवो में ग्राम सचिवालयों में रोस्टर के मुताबिक कर्मचारियों की तैनाती न पाए जाने पर नाराजगी जताई। एसडीएम सदर को निर्देश दिए कि जो भी कार्मिक अनुपस्थित रहे हैं, उनको निलंबित कर दिया जाए। संबंधित ग्राम प्रधानों से कहा कि वे स्वयं ग्राम सचिवालय में बैठें और लोगों की समस्याओं को प्रतिदिन सुनकर स्थानीय कर्मचारियों से निस्तारित कराएं। दोनों ही ग्राम सचिवालयों में जन सेवा केंद्र संचालित न पाए जाने पर कड़ा एतराज जताया और कहा कि जो भी संचालक गांव में बैठकर कार्य करने के इच्छुक नहीं हैं, उनका तत्काल लाइसेंस निरस्त कर ऐसे व्यक्ति को दिया जाए जो नियमित ग्राम सचिवालय में बैठकर लोगों के लिए कार्य करे। इस मौके पर उन्होंने कृषि व उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि खेत तालाब योजना के लाभार्थियों को स्प्रिंकलर सिंचाई सिस्टम से भी लाभान्वित किया जाए।