कुलपहाड़ (महोबा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ में स्थापित मेटरनिटी विंग बिल्डिंग के पीकू वार्ड का चरखारी विधायक ने औचक निरीक्षण किया। एक्सरे टेक्नीशियन द्वारा पैसे मांगे जाने की शिकायत पर विधायक भड़क गए। उन्होंने चिकित्साधीक्षक को फटकार लगाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने उपचार के लिए आवश्यक उपकरणों की सूची तैयार कराकर स्वास्थ्य निदेशक को अवगत कराया।
पीकू वार्ड में 25 बेड ऑक्सीजन व्यवस्था के साथ हैं जबकि एक वेंटीलेटर भी स्थापित किया गया है। पीकू वार्ड के उद्घाटन के बाद चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत एक्सरे रूम पहुंचे। जहां एक मरीज ने एक्सरे टेक्नीशियन द्वारा सौ रुपये मांगे जाने की शिकायत की। विधायक ने सुविधा शुल्क लेने व बाहर से दवाएं लिखे जाने पर नाराजगी जताई। महिला व पुरुष वार्ड के निरीक्षण में चादर गंदे मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमओ मनोजकांत सिन्हा को व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने को कहा। गौरतलब है कि विधायक ने सीएचसी कुलपहाड़ को गोद लिया है। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि रोहित, उदित राजपूत, अजीत कुशवाहा, चेयरमैन प्रतिनिधि अमित प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, दिनेश गोस्वामी समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।