पनवाड़ी (महोबा)। कस्बा पनवाड़ी में किसान की आत्महत्या के मामले में एसडीएम ने जांच की। जांच में सामने आया कि किसान कर्ज से परेशान था। एसडीएम ने परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।
मोहल्ला अग्निहोत्रीपुरा निवासी सतीश पाठक ने कर्ज और फसल बर्बाद होने से परेशान होकर फंदा लगाकर जान दे दी थी। किसान की मौत की सूचना पर एसडीएम कुलपहाड़ अनुराग प्रसाद मृतक के घर पहुंचे।
मृतक के बड़े भाई सुरेश पाठक ने बताया कि सतीश पर बैंक के अलावा साहूकारों का करीब एक लाख रुपये कर्ज था। इससे वह परेशान रहता था। अतिवर्षा से फसल भी प्रभावित हुई थी। एसडीएम ने परिजनों से वार्ता की और मदद का भरोसा दिया।
एसडीएम ने बताया कि मृतक ने बेटे की शादी के लिए कर्ज लिया था। लेखपाल को खेत पर भेज कर फसल का सर्वे कराया जाएगा। जो भी संभव होगा, परिवार की मदद की जाएगी।