कुलपहाड़ (महोबा)। कस्बा कुलपहाड़ में एक युवक ने घरेलू कलह के चलते फंदा लगाकर जान दे दी। एक माह पहले मृतक के छोटे भाई ने भी आत्महत्या कर ली थी। एक माह के अंदर दो बेटों की मौत से पिता बदहवास हैं। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
कस्बे के मोहल्ला सोनीगंज निवासी जगदीश सोनी के तीन बेटे थे। दो बेटे शादीशुदा व एक अविवाहित था। दस सितंबर को मझले बेटे पुष्पेंद्र ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजन अभी यह सदमा भूल भी नहीं पाए थे कि शुक्रवार की रात बड़े बेटे नरेंद्र सोनी (38) ने घर में फंदा लगा लिया।
सुबह जब परिजन जागे तो नरेंद्र को फंदे पर लटकता देखा। उनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पिता ने बताया कि वह सराफ की दुकान किए हैं। इसी काम में उसके बेटे सहयोग करते थे। एक माह के अंदर दो बेटों की मौत से परिजन बेहाल हैं।
घटना से मृतक की पत्नी माधुरी व तीन बच्चे सुधबुध खो बैठे हैं। कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद में आत्महत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है।