-बैठक में हाईवे पर गड्ढों की मरम्मत व स्पीड लिमिट बोर्ड लगवाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। अपर जिलाधिकारी वित्त इंद्रनंदन सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई जिसमें एआरटीओ, डीआईओएस और बीएसए को निर्देश दिए कि जो विद्यालय स्कूली वाहनों के फिटनेस का कार्य पूरा नहीं करा रहे हैं उन्हें सीज करते हुए विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में एडीएम ने स्कूली वाहनों के चालकों का पुलिस वेरिफिकेशन व नेत्र परीक्षण कराने। स्कूली वाहनों के पीछे हेल्पलाइन और इमरजेंसी नंबरों को अंकित कराने व स्कूली बसों में अटेंडेंट नियुक्त किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंंने हमीरपुर चुंगी से किड़ारी फाटक तक सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने और कबरई से खन्ना तक स्पीड लिमिट बोर्ड लगवाने के लिए एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने सीएमओ डॉ. विनय कुमार को किड़ारी फाटक के पास एंबुलेंस की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि हाईवे पर हो रही दुर्घटनाओं में घायल लोगों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जा सके। बैठक में अपर एसपी वंदना सिंह, एसडीएम शिवध्यान पांडेय, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन वीके जौहरी के अलावा विद्यालयों के प्रबंधक व प्रधानाचार्य मौजूद रहे।