महोबा। स्टांप न मिलने से परेशान स्टांप विक्रेताओं ने शुक्रवार को सांसद को मांग पत्र सौंपा है। कहा कि 20 से लेकर 100 रुपये तक के स्टांप कोषागार की तरफ से नहीं दिए जा रहे हैं। इससे वह परेशान हैं।
सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल को सौंपे मांग पत्र में स्टांप विक्रेताओं ने बताया कि उनकी स्टांप बिक्री की सीमा 15 हजार रुपये तक है, लेकिन ई-स्टांपिंग लागू किए जाने से उनकी 15 हजार रुपये तक के स्टांप रजिस्ट्री बैनामा में दस्तावेज लेखक नहीं लगाते हैं। ऐसे में उनकी स्टांप बिक्री पूरी तरह बंद हो गई है। वहीं, कोषागार की तरफ से करीब छह माह से उन्हें 20, 50 और 100 रुपये कीमत के स्टांप नहीं दिए जा रहे हैं। जबकि, स्टांप विक्रेताओं को 10, 20, 50 व 100 रुपये के स्टांप की जरूरत है। ऐसे में वह भुखमरी की कगार पर है। ई-स्टांपिंग पांच से 15 हजार रुपये तक की जा रही है। यह 15 हजार रुपये से ज्यादा की होनी चाहिए। ताकि, स्टांप विक्रेता 15 हजार रुपये तक के स्टांप बेच सकें। स्टांप विक्रेताओं की इस समस्या को सांसद ने गंभीरता से लिया है और डीएम को इस समस्या का समाधान कराने को कहा है। मांग पत्र सौंपने वालों ने राजेश कुमार सोनी, प्रभु दयाल, देवेंद्र कुमार, उमेश कुमारी, धर्मेंद्र कुमार वर्मा समेत तमाम स्टांप विक्रेता मौजूद रहे।