खन्ना (महोबा)। विकासखंड कबरई के बरभौली गांव के पारा बाबा हनुमान मंदिर में चल रहे सात दिवसीय मेले के समापन पर विशाल दंगल का आयोजन किया गया। इसमें दूर से आए नामी-गिरामी पहलवानों ने दांवपेच दिखाए। खन्ना के संजय पहलवान ने बिहार के कल्लू को धूल चटाई। सबसे आकर्षक कुश्ती पुरुष व महिला पहलवान के बीच हुई। इसमें पटियाला की महिला पहलवान परमजीत ने जम्मू के पुरुष पहलवान मोनू को हराया।
मेले में भागवत कथा व अन्य कार्यक्रम हुए। बुधवार को समापन पर विशाल दंगल हुआ। पहली कुश्ती बिहार के पिंटू व अयोध्या के पप्पू के बीच हुई। इसमें पप्पू पहलवान विजेता रहे। दूसरी कुश्ती में भी अयोध्या के पप्पू पहलवान ने बिहार के कल्लू को धूल चटाई। खन्ना के संजय ने बनारस के संतोष को चित किया। नरैनी के इसराइल ने बनारस के भीम को पटखनी दी। कुश्ती में प्रयागराज के भीष्म ने बनारस के नारायण पर जीत दर्ज की। बिहार के रोहित ने गाजीपुर के नारायण को चित कर कुश्ती जीती। आधा दर्जन से अधिक कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। सैकड़ों दर्शकों की भीड़ रही। आयोजक मंडल ने विजेता पहलवानों को शील्ड व नगद धनराशि देकर पुरस्कृत किया। रेफरी की भूमिका रफीक उर्फ काली घटा ने निभाई। इस मौके पर आयोजक भाजपा के मंडल महामंत्री तेजा शिवहरे, दिलीप कुमार तिवारी, पप्पू यादव, राजेंद्र वर्मा, उदयभान सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।