बेलाताल/अजनर। जिले में भरपूर खाद न मिलने से किसान परेशान है। साधन सहकारी समितियों में भोर से ही किसानों की भीड़ जुट रही है। मंगलवार को साधन सहकारी समिति बेलाताल व अजनर में किसानों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण शुरू कराया गया। तब किसान शांत हुए।
साधन सहकारी समिति अजनर में एक ट्रक खाद आने की सूचना पर सैकड़ों की संख्या में किसान पहुंच गए। किसानों को चेक के माध्यम से खाद का वितरण शुरू किया गया। नकद खाद न दिए जाने से किसान भड़क गए और समिति का घेराव करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर सहकारी निबंध सहकारिता आरपी गुप्ता, इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक सदानंद त्यागी व थाना अजनर पुलिस मौके पर पहुंच गए और किसानों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद अधिकारियों व पुलिस की मौजूदगी में शाम साढ़े चार बजे खाद का वितरण शुरू हो सका।
बेलाताल संवाद के अनुसार सहकारी संघ जैतपुर में यूरिया खाद लेने के लिए सुबह से ही किसानों की भीड़ जुटी। दो-दो बोरी खाद वितरित किए जाने पर किसान भड़क गए और नारेेबाजी करने लगे, तब पुलिस बुलाई गई। पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण कराया गया। भीड़ अधिक होने के चलते घंटे लाइन में लगने के बाद भी तमाम किसानों का नंबर नहीं आ सका। जिससे वह बिना खाद लिए बैरंग लौट गए।
एसडीएम की मौजूदगी में बंटी खाद
कुलपहाड़। खाद की कमी को लेकर मंगलवार को भी किसानों का हंगामा जारी रहा। तहसील के सामने स्थित किसान संघ में किसानों की भारी भीड़ जुटने पर समिति के कर्मचारियों ने खाद वितरण से हाथ खड़े कर दिए। जिस पर किसानों ने जमकर हो-हल्ला मचाया। इस दौरान भाजपा नेताओं की गाड़ी को रोककर खाद दिलाने की मांग की। सूचना पर पहुंचे एसडीएम अरुण कुमार दीक्षित ने किसानों को खाद का वितरण शुरू कराया।