महोबा/श्रीनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में दो महिलाओं समेत 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
कस्बा श्रीनगर के मोहल्ला दाऊपुरा निवासी महेंद्र (22) मंगलवार की शाम पड़ोस के दशरथ (25) के साथ बाइक से कैमाहा गांव जा रहे थे। रास्ते में कस्बा श्रीनगर निवासी आकाश (18) से टक्कर हो गई। जिससे तीनों घायल हो गए। इसी तरह नारूपुरा निवासी धमेंद्र, छतरपुर निवासी गनेशी, रामनगर निवासी हलकुट्टी, ननौरा निवासी सीताराम, सुगिरा निवासी आशारानी, हमीरपुर निवासी ज्ञानवती, मोहारी निवासी बृजेंद्र व नकरा निवासी चंद्रशेखर अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए।
सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चंद्रशेखर, महेंद्र, धर्मेंद्र और दशरथ की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है।