महोबा। बीज दुकानों में भेजे गए माल की वसूली करके लौट रहे उरई के व्यापारी की कार से टप्पेबाजों ने दो लाख 13 हजार रुपये से भरा बैग उड़ा दिया। पीड़ित ने घटना की तहरीर शहर कोतवाली में सौंपी है। पुलिस तहरीर लेने के बाद जांच पड़ताल में जुट गई है।
जनपद उरई के व्यापारी सुरेश कुमार की शांति ट्रेडर्स के नाम से दुकान है। जहां से वह महोबा व हमीरपुर जिले की बीज दुकानों में माल सप्लाई करता है। बुधवार को व्यापारी कार से कस्बा राठ गया था। राठ में दुकानों से वसूली करने के बाद महोबा के कुछ दुकानों में बकाया पैसा लिया और शाम 7 बजे वापस उरई जाने लगा। तभी प्राइवेट बस स्टैंड के समीप कार का एक पहिया पंचर हो गया। जिसे ठीक कराने के लिए व्यापारी पास की ही पंचर की दुकान पहुंच गया। वहां से लौटने पर कार में रखा बैग गायब मिला। जिसमें दो लाख 13 हजार रुपये की नगदी थी।
नगदी गायब हो जाने के बाद व्यापारी ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की लेकिन कोई सुराग नही लगा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की जाएगी।