महोबा। सलैया-नथुपुरा ग्राम समूह पेयजल योजना का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने अर्जुन बांध में निर्मित इंटेकवेल को देखा। उन्होंने इंटेकवेल के पंपों को बिजली जाने पर जेनरेटर से चलाने के निर्देश दिए। ताकि, पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो सके।
डीएम गजल भारद्वाज ने शनिवार को इंटेकवेल के निरीक्षण में कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर एस के मिराज को हर घर में जल पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके बाद गोरखा गांव में स्थित 25 एमएलडी और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। जहां सभी मशीनें चालू हालत में मिलीं। जल परीक्षण लैब में परीक्षण उपकरण व जल परीक्षण प्रक्रिया की जानकारी ली। नियंत्रण कक्ष में खामियां मिलने पर डीएम भड़क गईं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर को कड़ी चेतावनी देते हुए शीघ्र सुधार कराने के निर्देश दिए। डीएम ने छेदीमऊ गांव जाकर ग्रामीणों से पेयजल आपूर्ति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि अब गांव में नियमित जलापूर्ति हो रही है। पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की भी मरम्मत कराई जा चुकी है। डीएम ने कहा कि गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पेयजल की समस्या न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इस मौके पर एडीएम नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम, एसडीएम डॉ. प्रदीप कुमार, जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता संदेश सिंह तोमर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।