कुलपहाड़ (महोबा)। जैतपुर-मुढ़ारी मार्ग पर बाइक फिसलने से एक युवक की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ में भर्ती कराया गया है। बाइक सवारों के हेलमेट न लगाए होने से उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं।
ग्राम मुढ़ारी निवासी मुन्ना अहिरवार (30) पुत्र मंगल अहिरवार मजदूरी करता था। गुरुवार को वह बाइक से अपने साथी प्रीतम सेन (32) के साथ कस्बा जैतपुर जा रहा था। तभी मार्ग पर सड़क गीली होने के चलते उसकी बाइक फिसल गई। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद राहगीरों की मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कुलपहाड़ ले गई, जहां मुन्ना अहिरवार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। मुन्ना की पत्नी सीमा व चार मासूम बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।