महोबा। शादी, विवाह में पत्तल उठाकर परिवार उठाने वाली महिला के घर में दो दिन से खाने की कोई व्यवस्था न होने की खबर रविवार को अमर उजाला ने महिला गुड्डो की बिलखते हुए फोटो के साथ प्रमुखता से प्रकाशित की। इसके बाद प्रशासन के निर्देश पर गांव पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने कच्चे मकान और किचिन में ताक-झांक के बाद भी खाद्यान्न नहीं पाया। इसके बाद टीम ने दस किलो आटा और एक किलो दाल व साबुन दिया।
बेेलाताल निवासी गुड्डो (45) शादी, विवाह में पत्तल उठाने का काम करती है। एक माह से शादियां न होने से महिला का रोजगार छिन गया। कुछ दिन तक महिला ने किसी तरह काम चलाया लेकिन उसके सामने दो जून की रोटी के भी लाले पड़ गए। कोटेदार ने पीले राशन कार्ड में खाद्यान्न भी नहीं दिया। जिससे परेशान महिला ने अपने दुखड़ा सुनाया। जिस पर अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया।
खबर छपने के बाद बेलाताल के लेखपाल अशोक त्रिपाठी सहित दो लोग बेलाताल गांव में असहाय गुड्डो के घर पहुंचे। जहां पर उसे दस किलो आटा दिया गया। साथ ही एसडीएम मोहम्मद उवैस को इस बावत अवगत कराया गया। जिस पर एसडीएम ने कोटेदार को हर माह गुड्डो को राशन देने के निर्देश दिए और उसका राशन कार्ड बनवाने का आश्वासन दिया।