कुलपहाड़-बेलाताल मार्ग में जाम लगाए ग्रामीण
- फोटो : MAHOBA
बेलाताल (महोबा)। बिजली समस्या को लेकर ग्रामीणों ने बेलाताल-कुलपहाड़ मार्ग जाम कर दिया। ढाई घंटे तक जाम लगा रहने के बाद नायब तहसीलदार कुलपहाड़, बिजली विभाग के एसडीओ और चौकी प्रभारी के बिजली समस्या का निराकरण के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
बेलाताल के दरेरापुरा, बेरपुरा, बैननपुरा, बजरिया समेत आधा दर्जन मोहल्लों में लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को सुबह नौ बजे बजरिया में जैतपुर-कुलपहाड़ मार्ग में जाम लगा दिया। सुबह नौ बजे से साढ़े 11 बजे तक जाम लगा रहने से तमाम वाहन फंस गए। जिससे लोगों को जैतपुर, अजनर व नौगांव आने-जाने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
खंड विकास अधिकारी प्रशांत कुमार और चौकी प्रभारी सुनील कुमार के काफी समझाने के बाद भी ग्रामीणों ने एक नहीं मानी। बाद में एसडीओ विकास श्रीवास्तव और नायब तहसीलदार कुलपहाड़ राधेश्याम गौड़ ने ग्रामीणों को एक सप्ताह के अंदर लो वोल्टेज की समस्या का निराकरण करने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खुला। ग्रामीणों ने नौ से 12 बजे और तीन से पांच बजे तक की जा रही बिजली कटौती का समय शाम पांच बचे से सात बजे किए जाने की मांग की।