महोबा। पल्प पोलियो अभियान के तहत शनिवार को स्कूली बच्चों ने रैली निकालकर पोलियो के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शहर के दो दर्जन से ज्यादा स्कूली बच्चों ने शिरकत की।
पल्स पोलियो अभियान के प्रति लोगों को जागरूक जागरूक करने के लिए शनिवार को रैली निकाली गई। रैली में सरस्वती शिशु मंदिर, जीवीजी पब्लिक स्कूल, जनता जूनियर हाईस्कूल, कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय नैकानापुरा, प्राथमिक विद्यालय नैकानापुरा, प्राथमिक विद्यालय संत साहू, प्राथमिक विद्यालय आलमपुरा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय आलमपुरा सहित दो दर्जन से ज्यादा स्कूली बच्चों द्वारा रैली निकाली गई, जो तहसील तिराहा, सर्राफा चौराहा, ऊदल चौक, जीजीआईसी तिराहा, आल्हाचौक मुख्य मार्गों से पुन: तहसील पहुंच कर समाप्त हो गई। रैली के दौरान स्कूली बच्चों ने, अपंगता दूर भगाना है, पोलियो दवा पिलाना है। पोलियो दवा पिलाओ बच्चों को स्वस्थ बनाओ आदि स्लोगन की पट्टियां लेकर चल रहे थे। वहीं रैली में आगे-आगे नवयुवक दीवारी नृत्य करते हुए चल रहे थे। रैली को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एसके वाष्णेय ने कहा कि 5 वर्ष के सभी बच्चों को पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. वीपी वर्मा ने कहा कि हमारा देश पोलिया मुक्त हो चुका है। पड़ोसी देश पाकिस्तान, अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो के केस मिल रहे हैं। वहां से कभी भी पोलियो वायरस हमारे देश में आ सकता है, इसलिए रविवार को 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो दवा अवश्य पिलाएं। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ राजकिशोर अहिरवार, डा. बालचंद्र, डा. एके मिश्रा, डा. पीवी अवस्थी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार, जयंत कुमार, उमाशंकर सहित तमाम लोगों ने विचार व्यक्त किए। रैली में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी रामेश्वर प्रसाद पाल, खंड शिक्षाधिकारी संतोष कुमार, जिला व्यायाम शिक्षक आदित्यमणि शर्मा, दिनेश सोनी के अलावा तमाम टीचर मौजूद रहे।