महोबा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2025-26 में नौवीं और 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों की ऑनलाइन पंजीयन तिथि बढ़ा दी है। नौवीं व 11वीं के छात्र अब पंजीकरण शुल्क और शैक्षिक विवरण 27 सितंबर तक वेबसाइट में ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद सचिव भगवती सिंह ने निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अपलोड किए गए विवरण की जांच प्रक्रिया 30 सितंबर से चार अक्तूबर तक चलेगी। अंतिम रूप से तैयार की गई फोटोयुक्त नामावली और संबंधित दस्तावेज 10 अक्तूबर तक डीआईओएस कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे। इसी प्रकार 10वीं और 12वीं के लिए परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि अब 27 सितंबर निर्धारित की गई है। शुल्क जमा करने के बाद छात्रों के विवरण को ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर रात 12 बजे तक रखी गई है।