\शिशु शिक्षा निकेतन जूनियर हाईस्कूल कबरई के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने जमकर धमाल मचाया। गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों से छात्राओं ने सभी का मन मोह लिया। छात्रा रागिनी द्वारा देश रंगीला रंगीला, देश मेरा रंगीला गीत पर शानदार नृत्य की प्रस्तुति दी।
क्षेत्र में बुधवार को वार्षिकोत्सव कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती वंदना आ जाओ मेरी मइया, मेरी पुकार सुनके के साथ हुई। इसके बाद पूजा, समीक्षा, अनुराधा ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। छात्र सोमेंद्र प्रताप सिंह ने गणपति बप्पा मोरया गीत पर नृत्य किया।
छात्र नरेंद्र, आशीष, दीपक, नीतेंद्र व अमन ने देशभक्ति नाटक आजाद हिंद फौज के माध्यम से छात्र-छात्राओं में देशभक्ति का जज्बा भरा। कार्यक्रम में छात्रा अंशिता, अनुराधा, रागिनी, समीक्षा, पूजा आदि ने कव्वाली सुबह और शाम सबको याद किया करते है पेश कर खूब वाहवाही लूटी।
छात्र अनंत, दीपक, नरेंद्र द्वारा पेश किया गया नाटक शेख चिल्ली खूब सराहा गया। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक राजू सिंह ने छात्र-छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने को कहा। दिलीप पांडेय ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद व सांस्कृतिक कार्यक्रम जरूरी है।
ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत होती है। कार्यक्रम में क्रेशर यूनियन के अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, विजय सिंह, अनुज त्रिपाठी सहित छात्र छात्राएं मौजूद रहे।