फोटो 26 एमएएचपी 11 परिचय-दंगल में दावपेच दिखाते पहलवान। संवाद
श्रीनगर (महोबा)। विकासखंड कबरई के भंडरा गांव में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के उपलक्ष्य पर विशाल दंगल का आयोजन हुआ। जिसमें महिला व पुरुष पहलवानों ने दांवपेच दिखाए। अयोध्या के रामदास ने हरियाणा के ज्वाला सिंह को पटकनी दी। आयोजन समिति ने विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया गया।
दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख राजू सिंह ने कराया। दंगल में महिला पहलवानों के बीच हुई कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही। हरियाणा की पूनम ने गाजियाबाद की अंशू को हराया। पंजाब के ईश्वर पहलवान व मथुरा के रविदास के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दस मिनट तक चली जोर आजमाइश के बाद ईश्वर पहलवान विजेता बने। गोरखपुर के विशेष पहलवान ने हरियाणा के रामू को चित किया।
अतर्रा के फैजल पहलवान ने बिहार के श्रीनाथ को पटकनी दी। छह से अधिक कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। दंगल में रेफरी की भूमिका कालीघटा ने निभाई। इस मौके पर पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, नगर पालिकाध्यक्ष राठ श्रीनिवास बुधौलिया, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, अर्पित दास, आशीष मिश्रा, अनूप सोनी, राहुल तिवारी, राजेश, संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।