-जिला अस्पताल के कक्ष मेंं बच्चे आर्यांश को देखते डॉ. गोपाल प्रसाद रजक।
महोबा। जिले में लगातार हो रही बारिश और पड़ रही उमस से छोटे बच्चोंं में बुखार, डायरिया समेत त्वचा संबंधित बीमारियों की समस्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल में रोजाना 60 से 70 बच्चे इन बीमारियों से ग्रसित होकर पहुंच रहे हैं। इनमें गंभीर हालत होने पर बच्चों को एनआरसी वार्ड में भर्ती कराया जा रहा है। ऐसे में डॉक्टर खानपान व सफाई में बेहद सावधानियां बरतने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल में सुबह आठ बजे से ओपीडी खुलते ही मरीजों और तीमारदारोंं की भीड़ जुटी। इस दौरान काउंटर से पर्चा बनवाने से लेकर दवाएं लेने तक के लिए मरीजोंं को घंटोंं अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गोपाल प्रसाद रजक ने बताया कि बारिश शुरू होने से बच्चोंं में डायरिया, बुखार व त्वचाजनित बीमारियोंं के मामले दोगुने हो गए हैं।
बृहस्पतिवार को प्रशांत, वंश, संदीप, आयुष, आर्यांश समेत 60 बच्चोंं को उपचार किया गया। इनमें से 10 से 15 मरीज डायरिया, 25 बुखार और 20 मरीज त्वचाजनित बीमारियोंं से ग्रसित रहे। बताया कि प्रतिदिन बच्चोंं को नहलाने, साफ कपड़े पहनाने, फुल बांह कमीज व फुल पैंट पहनाने, प्रोटीनयुक्त भोजन कराने और बाजार में खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन न करने से इन बीमारियोंं से बचाया जा सकता है।